यमुनानगर , अक्टूबर 09 -- अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग को लेकर हरियाणा के अतिथि अध्यापक बड़ी संख्या में 10 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय पर चेतावनी रैली निकालेंगे।

अतिथि अध्यापक संघ के यमुनानगर जिला अध्यक्ष जय प्रकाश मित्तल, राज्य उप प्रधान राजबीर, राज्य महिला उप प्रधान मनजीत कौर, माया राम और जरनैल सिंह ने कहा कि तीन साल की सेवा अवधि वाली नीति को उच्चतम न्यायालय द्वारा वैध ठहराया गया है, इसलिए इस नीति के तहत पात्र अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जानी चाहिए।

अध्यापक नेताओं ने कहा कि 16 जून और 18 जून 2014 को हरियाणा सरकार ने अनियमित कर्मचारियों और शिक्षकों के नियमितीकरण के लिए नीतियां बनाई थीं। सोलह अप्रैल 2026 को उच्चतम न्यायालय ने ग्रुप-बी, ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए तीन साल की सेवा शर्त वाली नीति को वैध माना था। उन्होंने कहा कि अतिथि अध्यापकों को तीन वर्ष नहीं, बल्कि 20-20 वर्ष हो चुके हैं ईमानदारी से ड्यूटी निभाते हुए, इसलिए उन्हें तुरंत नियमित किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि अपनी मांग को लेकर वे कुरुक्षेत्र में लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अतिथि अध्यापकों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। दस अक्टूबर को चेतावनी रैली के बादभी यदि सरकार ने अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो आंदोलनऔर तेज किया जाएगा।

अतिथि अध्यापकों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर यमुनानगर के जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को सरकार के नाम आज ज्ञापन भी सौंपा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित