गांधीनगर , जनवरी 22 -- गुजरात के गांधीनगर में निफ्ट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी) र ने गुरुवार को अपना 40वां स्थापना दिवस मनाया, जिसमें फैशन और डिजाइन के क्षेत्र में संस्थान की समृद्ध विरासत और महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया।
निफ्ट गांधीनगर निदेशक प्रो. डॉ. समीर सूद ने इस अवसर पर बताया कि निफ्ट भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत एक वैधानिक संस्था है, जो फैशन, डिजाइन और प्रबंधन के क्षेत्रों में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के लिए समर्पित है।
इस समारोह में एयर मार्शल तेजिंदर सिंह, एवीएसएम, वीएम, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, साउथ वेस्टर्न एयर कमांड, भारतीय वायु सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जो ज्ञान, प्रकाश और आंतरिक चेतना के जागरण का प्रतीक है। एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने हैंडलूम एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी, रंगोली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा निफ्ट फाउंडेशन टाइमलाइन वॉल का अनावरण किया।
डॉ. सूद ने बताया कि समारोह के अंतर्गत हैंडलूम एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी, रंगोली प्रदर्शनी, निफ्ट फाउंडेशन टाइमलाइन वॉल का अनावरण तथा छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं। ये सभी गतिविधियाँ संस्थान की रचनात्मकता, संस्कृति और समग्र विकास पर केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि वॉकाथॉन, खेल गतिविधियां और फैशन क्विज़ के माध्यम से पर्यावरणीय जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया। पारंपरिक वस्त्रों से प्रेरित रंगोली प्रतियोगिता ने फैशन के सांस्कृतिक पक्ष को उजागर किया।
कार्यक्रम में एयर मार्शल तेजिंदर सिंह और प्रो. डॉ. समीर सूद द्वारा प्रेरणादायक मुख्य भाषण दिए गए। अपने विशेष संबोधन में एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने निफ्ट की प्रतिष्ठा की सराहना करते हुए इसे एक प्रतिष्ठित एवं आइकोनिक संस्थान बताया। उन्होंने कठिन प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से चयनित छात्रों की मेहनत और प्रतिभा की प्रशंसा की।
एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने कहा कि पहले वे फैशन शिक्षा को सीमित दृष्टि से देखते थे, किंतु परिसर भ्रमण के पश्चात निफ्ट के बहुआयामी एवं बहुविषयक पाठ्यक्रम को गहराई से समझ पाए। उन्होंने पारंपरिक भारतीय कला एवं शिल्प की मजबूत नींव और आधुनिक डिजाइन के साथ उसके वैश्विक प्रस्तुतिकरण की सराहना की।
उन्होंने निफ्ट के नेतृत्व, विशेष रूप से निदेशक की दूरदर्शी सोच की प्रशंसा की और फैशन शिक्षा में निफ्ट की अग्रणी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने छात्रों को न केवल सफल पेशेवर बनने बल्कि सतत फैशन और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. समीर सूद ने निफ्ट की विरासत पर प्रकाश डालते हुए बताया कि निफ्ट के पूर्व छात्र आदित्य बिड़ला समूह, रिलायंस और अरविंद मिल्स जैसी प्रमुख कंपनियों में नेतृत्वकारी भूमिकाओं में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि फैशन और वस्त्र क्षेत्र भारत की वैश्विक पहचान को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने वस्त्र क्षेत्र को देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार प्रदाता बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र लगभग 10 करोड़ लोगों की आजीविका का साधन है। प्रधानमंत्री द्वारा प्रतिपादित "3टी" दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2030 तक भारत को विश्व का वस्त्र और विनिर्माण केंद्र बनाने में यह क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अपने संबोधन का समापन भगवद गीता के श्लोक के साथ राष्ट्र के लिए सार्थक कर्म करने की कामना व्यक्त की। निफ्ट गांधीनगर का यह स्थापना दिवस समारोह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सततता, सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मक प्रतिभा के पोषण के प्रति संस्थान की मूल प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित