जौनपुर , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत मिशन एवं जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र सुरक्षा तथा विद्यालयी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निपुण भारत मिशन की प्रगति, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से विद्यार्थियों को दी जाने वाली 1200 रुपये की धनराशि के ब्लॉकवार वितरण, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता, विद्यालय कायाकल्प के 19 मानकों की पूर्ति, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के सत्यापन तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्माण एवं शैक्षिक सुधार की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बरसात के मौसम को देखते हुए सभी विद्यालयों में विद्युत खंभों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यालयों में खेलकूद, सांस्कृतिक, नैतिक, वैज्ञानिक एवं नवाचार आधारित सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया।

मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा कक्षा 5 से 6, 8 से 9, 10 से 11 और 12वीं के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश (ट्रांजिशन रेट) बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उनके अभिभावकों से संपर्क स्थापित करते हुए उन्हें आयु-संगत कक्षाओं में पुनः नामांकित कराने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने राज्यपाल की मंशा के अनुरूप आंगनबाड़ी से लेकर डिग्री कॉलेज तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निजी विद्यालयों की बसों की सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा एक्सपोजर विजिट जैसी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी बल दिया।

बैठक के अंत में शैक्षिक सत्र 2026-27 में सर्वाधिक नामांकन करने वाले तीन परिषदीय विद्यालयों कंपोजिट विद्यालय सटवां (मुंगराबादशाहपुर), कंपोजिट विद्यालय चेतरहाँ (सुईथाकला) तथा कंपोजिट विद्यालय राजापुर डड़ापुर (रामनगर) के प्रधानाध्यापकों को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित किया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी तथा जिला टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित