गिफू , अक्टूबर 01 -- नितेश सिवाच ने गुरुवार को पुरुषों के 97 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतकर एशियाई खेलों की ग्रीको-रोमन कुश्ती में भारतीय फाइनलिस्ट के लिए 64 साल का इंतज़ार खत्म किया और देश के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा।

आज यहां खिताबी मुकाबले में सिवाच को जापान के यूरी नकाजातो ने हराकर स्वर्ण पदक जीता । वहीं सिवाच दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। यह उस खेल में एक ऐतिहासिक पदक है जिसमें देश ने पहले केवल चार कांस्य पदक जीते थे।

सिवाच फाइनल तक के सफर में शानदार दिखे। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत क्वार्टर फाइनल में तुर्कमेनिस्तान के अमनबेर्डी अगामामेदोव पर 7-1 की जीत के साथ की और फिर सेमीफाइनल में मंगोलिया के गंखुयांग गनबातार के खिलाफ और भी दमदार प्रदर्शन किया।

एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक जीतने वाले सिवाच ने 'टेक्निकल सुपीरियरिटी' (तकनीकी श्रेष्ठता) के आधार पर गनबातार को 9-0 से हराया और शुरुआती तीन मिनट के पीरियड में ही मुकाबला खत्म कर दिया।

सिवाच के सेमीफाइनल मुकाबले में ग्राउंड पोजीशन से दो 'फोर-पॉइंट थ्रो' (चार अंक वाले दांव) देखने को मिले, जिससे मंगोलियाई पहलवान कोई जवाब नहीं दे पाया और भारतीय पहलवान ने गोल्ड मेडल मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित