मिर्जापुर, अप्रैल 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को सुबह विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन कर पूजन किया।

उन्होंने बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के विजय के लिए मां से आशीर्वाद मांगा। सारा धार्मिक अनुष्ठान उनके पारिवारिक पंडा अगस्त द्विवेदी ने सम्पन्न कराया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार सुबह काशी में रोड शो कर बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन कर रहे थे।उसी समय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विंध्याचल में मां की अभ्यर्थना कर रहे थे। उन्होंने यहां पूरे विधि-विधान से दर्शन पूजन किए।इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

मां विंध्यवासिनी देवी नितिन नवीन की कुल देवी भी हैं। उनके पारिवारिक पंडा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मुंडन संस्कार यहीं सम्पन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली धार्मिक यात्रा भी है।

पूरे मंत्रोच्चार के साथ करीब दस मिनट तक पूजा करने के बाद रत्नाकर होटल में राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन ने जिले के विधायकों रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल के साथ वार्ता की। दर्शन से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के जनपद में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जगह जगह उनका स्वागत किया। मन्दिर पहुचने पर उनका स्वागत नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अंगवस्त्रम् पहना कर किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित