चंडीगढ़ , जून 23 -- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया राज्य दौरे के दौरान भाजपा की दलित विरोधी सोच खुलकर सामने आ गयी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यक्रम में वरिष्ठ दलित नेताओं को मंच पर उचित स्थान न देकर उनका अपमान किया गया।

मंगलवार को यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी (आप) के एससी विंग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह जीपी के साथ संबोधित करते हुए श्री चीमा ने कहा कि भाजपा केवल एक विशेष और संपन्न वर्ग का सम्मान करती है, जबकि दलितों, मजदूरों और गरीब वर्ग को लगातार नजरअंदाज और अपमानित किया जाता है।

श्री चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा के एक हालिया कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला और पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश जैसे वरिष्ठ अनुसूचित जाति नेताओं को मंच पर बैठाने के बजाय दर्शकों के बीच खड़ा रखा गया, जबकि अन्य नेताओं को मंच पर स्थान दिया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना भाजपा के वास्तविक चेहरे को उजागर करती है और दर्शाती है कि पार्टी में दशकों तक सेवा देने वाले दलित नेताओं को भी सम्मान नहीं मिलता।

उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के 2024 के आंकड़ों के अनुसार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के खिलाफ दर्ज लगभग 65 प्रतिशत अपराध चार भाजपा शासित राज्यों,उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान में सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े दलितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भाजपा सरकारों की विफलता और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के प्रति उनकी सोच को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब की लगभग 34 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित है और इस समुदाय ने भाजपा का रवैया स्वयं देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति विभाजनकारी और भेदभावपूर्ण है तथा पंजाब के लोग दलित नेताओं और वंचित वर्गों के अपमान को कभी माफ नहीं करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित