नयी दिल्ली , अगस्त 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के खिलाफ कांग्रेस पार्टी और अन्य लोगों की ओर से सोशल मीडिया पर प्रसारित झूठी और भ्रमात्मक पोस्ट को लेकर दिल्ली पुलिस से शिकायत की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दिल्ली भाजपा के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में बुधवार को श्री सिंह से मुलाकात करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल और अधिवक्ता श्री संकेत गुप्ता शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह से मुलाकात करके शिकायत की कि श्री नवीन के दक्षिण भारतीय दौरे के दौरान पावन श्रवण माह में मांसाहारी भोजन करने सम्बंधी सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला जा रहा है, जो पूरी तरह से झूठा और भ्रमात्मक है। प्रतिनिधिमंडल ने उनसे इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 299, 302, 353, 356 एवं 61 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करके जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कर्रवाई की मांग की।
श्री बिधूड़ी ने कहा कि यह दुखद है कि राजनीतिक रूप से भाजपा का मुकाबला करने में अक्षम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी जैसे अन्य दल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का दुरूपयोग करके भाजपा तथा उसके नेताओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन उसका कुप्रचार कभी सफल नही हो सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित