हैदराबाद , मई 13 -- भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (बीएसजी) तेलंगाना के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को यहां राजभवन में राज्यपाल एवं बीएसजी के मुख्य संरक्षक शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात कर संगठन के विस्तार, विकासात्मक पहल और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्यपाल के विशेष मुख्य सचिव तथा बीएसजी के राज्य मुख्य आयुक्त एम दाना किशोर ने किया। प्रतिनिधिमंडल में स्कूल शिक्षा निदेशक एवं बीएसजी के राज्य सचिव ई नवीन निकोलस सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि तेलंगाना के सभी 33 जिलों में स्काउटिंग गतिविधियां सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।
श्री दाना किशोर ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) निधि और राज्यपाल कोष के सहयोग से बीएसजी के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्यभर में लगभग 1,200 बीएसजी इकाइयां कार्यरत हैं और 30,000 से अधिक विद्यार्थी सक्रिय रूप से स्काउटिंग गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।
डॉ. निकोलस ने कहा कि राज्य सरकार बीएसजी गतिविधियों के लिए नियमित वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान 1,000 स्कूलों को बीएसजी से जोड़ा गया है तथा वर्ष 2026-27 में अन्य 1,000 स्कूलों के जुड़ने की संभावना है। राज्य के प्रत्येक स्कूल में बीएसजी इकाई स्थापित करने के उद्देश्य से व्यापक गतिविधि कैलेंडर भी तैयार किया जा रहा है।
बीएसजी तेलंगाना की प्रगति की सराहना करते हुए राज्यपाल ने संगठन को अपनी गतिविधियों का और विस्तार करने, विशेष रूप से निजी स्कूलों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध सुविधाएं युवा स्काउट्स में नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने में सहायक होंगी।
बीएसजी तेलंगाना के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि संगठन अपनी गतिविधियों को राज्य के सभी हिस्सों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित