नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर आरोप लगाया कि वह सरकारी स्कूलों को बर्बाद कर निजी स्कूलों को बढ़ावा दे रही है।

आप के वरिष्ठ नेता एवं कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन कर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। स्कूलों में चाकूबाजी और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के कार्यकाल में शुरू किये गये हैप्पीनेस करिकुलम का जिक्र करते हुए दावा किया कि इसे बंद किये जाने से विद्यार्थियों के मानसिक और भावनात्मक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

श्री कुमार ने कृष्णा नगर के एक स्कूल में छात्रा की मौत का मामला उठाते हुए कहा कि घटना के बावजूद शिक्षा मंत्री आशीष सूद और मुख्यमंत्री ने न तो स्कूल का दौरा किया और न ही पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उसे सांत्वना दी। उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूल में शिक्षकों, प्रधानाचार्य, सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटना कैसे हुई। उन्होंने विनोद नगर के एक स्कूल में छात्रा के साथ कथित प्रताड़ना का मामला भी उठाया और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

आप विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है, ताकि निजी स्कूलों को फायदा पहुंचे। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर बच्चों की साइकिल और किताबों से जुड़ी योजनाओं में कमीशनखोरी के आरोप भी लगाये। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित