भीलवाड़ा , जुलाई 15 -- राजस्थान में भीलवाड़ा की जिला निजी विद्यालय संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन भेजकर निजी विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
समिति ने चेतावनी दी है कि 10 दिनों में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो राजस्थान के निजी विद्यालय प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य के गैर-सरकारी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन सरकार की कई नीतियों और लंबित मामलों के कारण निजी विद्यालय आर्थिक और प्रशासनिक संकट का सामना कर रहे हैं।
समिति ने प्रमुख रूप से शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के लंबित भुगतान जल्द जारी करने, प्रवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने, शिक्षा संबल निधि योजना समाप्त करने, कोविड काल के बकाया भुगतान जारी करने और गैर-सरकारी विद्यालयों पर लगाये गये अनावश्यक प्रतिबंध हटाने की मांग की है। इसके अलावा नयी शिक्षा नीतियां लागू करने से पहले निजी विद्यालय संगठनों से विचार-विमर्श करने की भी मांग उठायी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित