बारां , फरवरी 25 -- राजस्थान में निजी बस और टैक्सी संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निजी बसों के सड़कों से नदारद होने से अन्य राज्यों में आये यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के उदयपुर में एक यात्री अहमदाबाद जाने के लिए परेशान है, उसकी मां अहमदाबाद में अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन कोई साधन नहीं मिल पा रहा। ऐसे कई लोग हैं जिन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

राजस्थान में आरटीओ की ओर से किये जा रहे भारी जुर्माने के विरोध में गुजरात के अहमदाबाद और सूरत के लग्जरी बस संचालकों ने भी हड़ताल के समर्थन में यहां बस संचालन को रोक दिया है। गुजरात में करीब 300 से अधिक बसों के पहिए थमे हुए हैं।

सोमवार रात से ट्रैवल्स की बसें नहीं चलने के कारण कई मुसाफिरों को मुसीबतों से जूझना पड़ रहा है, जिनकी बुकिंग थी, उन्हें राशि लौटा दी गयी है। हालात यह हैं कि बस स्टैंडों और ट्रैवल्स पर मुसाफिर घंटों इंतजार करते और वैकल्पिक साधन तलाशते नजर आ रहे हैं। त्योहार और शादी सीजन के बीच इस हड़ताल ने सफर को और मुश्किल बना दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित