रायसेन , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश के रायसेन में शीतल गार्डन कॉलोनी में निजी अस्पताल के संचालन और पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से परेशान नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कलेक्ट्रेट मार्ग पर चक्काजाम कर नारेबाजी की। रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में संचालित निजी अस्पताल के कारण रोजाना सड़क पर जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस मामले में प्रभात चावला और ममता दुबे ने बताया कि शीला देवी अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों के वाहन सड़कों पर खड़े रहते हैं। इससे आवागमन बाधित होता है और कॉलोनीवासियों को दिक्कत होती है। अस्पताल आने-जाने वाले लोगों से जुड़ी परेशानी के बीच एक दिन पहले लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना भी हुई थी।
वही रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल का संचालन सरकारी अस्पताल में पदस्थ एक चिकित्सक द्वारा किया जा रहा है। इस मामले में एसडीएम मनीष शर्मा ने कहा कि सरकारी चिकित्सक द्वारा निजी अस्पताल का संचालन नियम विरुद्ध है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित