भागलपुर, मार्च 30 -- पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने आज भागलपुर में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) के कार्यालय में छापेमारी कर 70 हजार रुपए रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक विंध्याचल प्रसाद ने आज यहां बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कार्यालय के स्टेनो प्रेम कुमार एवं लिपिक मयंक कुमार शामिल है और दोनों नाथनगर प्रखंड आपूर्ति विभाग के एक कर्मी से उनकी सेवा संपुष्टि के लिए 70 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे।
श्री प्रसाद ने बताया कि बिना रिश्वत दिए काम नहीं होने से परेशान आपूर्ति विभाग के कर्मी ने विगत महीने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित आवेदन दिया। उक्त आवेदन का सत्यापन कराने पर वह मामला सही पाया गया।
इसके बाद निगरानी थाने में एक कांड अंकित करने के बाद ब्यूरो मुख्यालय से गठित नौ सदस्यीय विशेष टीम ने सोमवार को भागलपुर में जाल बिछाया।
श्री प्रसाद ने बताया कि टीम के सभी सदस्य पूर्व से बनी योजना के तहत अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कार्यालय में पहुंचे और शिकायतकर्ता (कर्मी)से 70 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए लिपिक मयंक कुमार एवं स्टेनो प्रेम कुमार को रंगेहाथ दबोच लिया।बाद में निगरानी टीम दोनों आरोपियों को कड़ी पूछताछ के बाद पटना ले गई।
उल्लेखनीय है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के इस कार्रवाई की चपेट में आये अनुमंडल कार्यालय के स्टेनो प्रेम कुमार का नाम भ्रष्टाचार के मामले में पहले भी आया था। राज्य के बहुचर्चित करोड़ों रुपए के सृजन घोटाले में स्टेनो प्रेम कुमार की संलिप्तता उजागर होने पर राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित किया था। उस समय वह जिलाधिकारी के स्टेनो के रुप में कार्यरत थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित