अलवर , अक्टूबर 05 -- राजस्थान सरकार की सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए जरूरी अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से करीब 900 सफाई कर्मचारियों का भविष्य अधर में लटक गया है।

कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले करीब 25 दिनों से वे अनुभव प्रमाण पत्र के लिए निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक एक भी कर्मचारी को प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। भर्ती आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर नजदीक आने के साथ ही कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।

कर्मचारी प्रतिनिधि मोहनलाल इंदोरिया और राजेश सारसर ने आरोप लगाया कि निगम अधिकारी और गठित समितियां लगातार कर्मचारियों को केवल "बन जाएगा" का आश्वासन दे रही हैं, लेकिन प्रमाण पत्र जारी करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। तीनों क्षेत्रों के करीब 900 कर्मचारी इस प्रक्रिया से प्रभावित बताये जा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे रोजाना तड़के चार बजे अपने छोटे बच्चों और परिवारों को छोड़कर शहर की सफाई व्यवस्था संभालने निकलते हैं, लेकिन अब अपने ही अधिकार से जुड़े एक प्रमाण पत्र के लिए उन्हें दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित