जयपुर , सितंबर 11 -- राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि यह नगर निकाय का चुनाव राज्य सरकार के पौने तीन साल में जो काम किये या नहीं किये गये हैं उसे प्रदर्शित करेगा।
श्री पायलट शुक्रवार को यहां निकाय चुनाव में मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक बार फिर लोकतंत्र का यह पर्व है और हमारी व्यवस्था में चुनाव प्रणाली बहुत महत्वपूर्ण एवं अहम है। उसी क्रम में बहुत लंबे इंतजार के बाद राजस्थान में निकाय के चुनाव हो रहे हैं। नगरपालिका, नगरपरिषद, नगर निगम और आज जयपुर में सब लोग मतदान कर रहे हैं। अभी समय बाकी है। उम्मीद करते है कि मतदान करने की जो संख्या है लोगों की वो और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह जो चुनाव हैं यह निश्चित रूप से इस बात को दिखलायेंगे कि सरकार ने पिछले पौने तीन-ढाई साल में कितना काम किया है कि नहीं किया है।
श्री पायलट ने कहा कि सब जानते हैं कि चुनाव क्यों हो रहे हैं। यह चुनाव सिर्फ इसलिए हो रहे हैं क्योंकि उच्च न्यायालय ने लताड़ लगायी थी। सरकार ने तमाम बहाने देकर चुनावों को टालने की कोशिश की और पंचायतों के जो चुनाव हैं अभी उनकी घोषणा नहीं की गयी हैं और सिर्फ पालिकाओं और परिषद के चुनाव हो रहे हैं। शहरों के अंदर हम सभी जान रहे हैं पिछले ढाई-तीन सालों में जो बड़े-बड़े शहर हैं वहां पर जिस प्रकार का विकास पहले हुआ करता था अब बिल्कुल थम गया है। आज जो कानून व्यवस्था है कल ही सेंट्रल पार्क में यहां एक व्यक्ति काअ पहरण कर लिया गया दिन दहाड़े और अगर इस प्रकार राजधानी में कानून व्यवस्था है तो कल्पना कीजिए जो ग्रामीण क्षेत्र हैं दूरदराज के इलाके हैं वहां क्या व्यवस्था होगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी और पहले से ज्यादा यहां पर हम लोग चुनाव जीतेंगे। अच्छे परिणाम हमारे पक्ष में आयेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित