पंचकूला , मई 14 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति को जनता का पूर्ण समर्थन है।

उन्होंने इस जीत के लिए हरियाणा की जनता का आभार जताया।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पंचकूला में नव निर्वाचित महापौरों, अध्यक्षों और पार्षदों के अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस की वंशवाद, झूठ और नकारात्मक राजनीति को खारिज कर भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा जताया है। जनता ने शहरी स्थानीय निकायों में 'ट्रिपल-इंजन सरकार' चुनी है।

श्री सैनी ने कहा कि यह जनादेश सत्ता का नहीं, सेवा का संदेश है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब-समर्थक नीतियों, अंत्योदय की भावना और 'सबका साथ, सबका विकास' मंत्र की जीत है। हिसार, गुरुग्राम, यमुनानगर, फरीदाबाद के बाद अब पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में भी जनता ने भाजपा को एकतरफा समर्थन दिया है।

उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से कहा कि वे सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दें और "नागरिक देवो भव" को शासन का मंत्र मानें। चुनावी घोषणापत्र को अक्षरशः लागू किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के 217 संकल्पों में से 63 डेढ़ साल में पूरे हो चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित