जयपुर , अगस्त 29 -- राजस्थान में आगामी नौ एवं ग्यारह सितंबर को दो चरणों में होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में जयपुर जिले में नामांकन के दूसरे दिन तक 689 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन 650 प्रत्याशियों ने 737 नामांकन पत्र भरे। इस प्रकार नामांकन के दो दिन में अब तक 689 उम्मीदवारों ने 785 नामांकन पत्र दाखिल किये।

उल्लेखनीय है कि नामांकन के पहले दिन गत 27 अगस्त को जिले में 39 प्रत्याशियों ने 48 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। रविवार को नामांकन पत्र नहीं भरे जायेंगे और सोमवार को नामांकन की आखिरी तिथि हैं।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए अब तक 92 प्रत्याशियों ने अपने 99 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं जबकि शाहपुरा नगर परिषद में 91 उम्मीदवारों ने102 नामांकन पत्र, चौमूं नगर परिषद में 83 प्रत्याशियां ने 84 नामांकन पत्र तथा चाकसू नगरपालिका में 63 उम्मीदवारों ने 99 नामांकन पत्र दाखिल किए है।

इसी तरह अन्य नगरीय निकायों में भी नामांकन को लेकर प्रत्याशियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। बगरू में 72 नामांकन पत्र, बस्सी में 36, दूदू में 26, जमवारामगढ़ में 28, जोबनेर में 16, कालाडेरा में 7, कानोता में 6, खेजरोली में 11, किशनगढ़-रेनवाल में 25, मनोहरपुर में 39, नारायणा में 36, फागी में 47, फुलेरा में 22, सांभर में 28 तथा वाटिका में 2 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित