जयपुर , अक्टूबर 04 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि नगरीय निकाय चुनाव में गुंडागर्दी, पुलिस के छापे, प्रशासन एवं पुलिस का पूरा दुरुपयोग किया गया जो प्रदेश के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ।

श्री गहलोत ने रविवार को यहां मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार पर यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जो हालात इन्होंने किए हैं, ऐसा राजस्थान के इतिहास में कभी नहीं हुआ। जब पूरी तरह इन्होंने गुंडागर्दी की हो, पुलिस के छापे डलवाए, प्रशासन का, पुलिस का पूरा दुरुपयोग किया। पूरा प्रदेश जानता है राजस्थान के इतिहास में कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी, लोगों में आक्रोश भी है और इसके नतीजे आज नहीं तो कल इनको भुगतने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि अब बात रही, पंचायत चुनाव की, तो इसमें लोग बहुत जागरूक हैं और नगरीय चुनाव में प्रदेशवासियों को जो कटु अनुभव हुआ वह पंचायत चुनाव में काम आयेगा। उम्मीद हैं कि कांग्रेस इनकी गुंडागर्दी चलने नहीं देगी। हमारे कार्यकर्ता मजबूत हैं गांव, ब्लॉक, जिले के अंदर, सब लोग मुकाबला करेंगे, और बहुत बड़ी कामयाबी हासिल करेंगे।

श्री गहलोत ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि ढाई साल तक हमने जो मेहनत की है और संघर्ष करने एवं समस्याओं को उजागर करने में कोई कमी नहीं रखी है। हमारी योजनाओं को जो बंद कर दिया गया, उसको लेकर लोगों में रिएक्शन है, क्योंकि गांव-गांव में हमारी योजनाएं बहुत लोकप्रिय थीं। गरीबों,दलितों, पिछड़ों के लिए थी,और तो और जो सोशल सिक्योरिटी की स्कीम थी, वो तमाम स्कीमें इन्होंने बर्बाद कर दी। नाम बदलना एक बात थी, पर नाम बदलने के बाद में इनको खत्म क्यों किया, ये समझ के परे है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित