भीलवाड़ा , अगस्त 19 -- राजस्थान में निकाय चुनाव की आहट के साथ भीलवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में टिकट की सियासत गरमाने लगी है।
मंगलवार रात भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी के भीलवाड़ा सर्किट हाउस पहुंचते ही टिकट के दावेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। रात का वक्त होने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और टिकट चाहने वाले नेता वहां पहुंच गए। इस दौड़ में महिला दावेदार भी पूरे जोश के साथ नजर आईं।
श्री द्विवेदी के पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष ने मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का उनसे परिचय कराया। सर्किट हाउस का माहौल देखते ही देखते चुनावी रंग में रंग गया और टिकट के इच्छुक दावेदार अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में जुटे रहे।
इस दौरान श्री द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा का लक्ष्य राज्य के सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में पार्टी की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव जीतकर 'ट्रिपल इंजन' की सरकार को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने टिकट को लेकर संभावित नाराजगी और बगावत पर भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई बागी नहीं होता। टिकट किसी एक को मिलेगा लेकिन उसे जिताने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजस्थान में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। भाजपा इसी विकास के मुद्दे और संगठन की ताकत के दम पर निकाय चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
श्री द्विवेदी ने दावा किया कि भीलवाड़ा जिले के नगर निगम और 10 नगर पालिकाओं सहित राज्य के सभी निकायों में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री द्विवेदी के पहली बार भीलवाड़ा प्रवास को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा। जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उनसे परिचय कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित