चंडीगढ़ , मई 13 -- हरियाणा निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने प्रदेश की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत विकास, सुशासन और संगठन की मजबूती की जीत है।
श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और गरीब कल्याण की नीतियों पर जनता ने पूर्ण विश्वास जताया है। निकाय चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि हरियाणा की जनता विकास और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक अथक मेहनत करते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया। यह जीत हर कार्यकर्ता के समर्पण और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किया है। शहरों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि जनता ने नकारात्मक राजनीति, भ्रम फैलाने और परिवारवाद को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित