धाराशिव , जून 23 -- महाराष्ट्र में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने धाराशिव में पार्टी और उससे जुड़े संगठनों की सभी जिला स्तरीय समितियों को भंग कर दिया है।

यह फैसला बागी सांसद ओमराजे निंबालकर के सोमवार को मुंबई में औपचारिक रूप से उनके खेमे में आने के कुछ ही घंटों बाद आया है।

पार्टी सचिव संजय मोरे ने बयान जारी कर बताया कि श्री शिंदे के निर्देश पर धाराशिव जिले में शिवसेना, युवा सेना, महिला सेना और अन्य सहयोगी संगठनों की मौजूदा कार्यकारिणी समितियों को भंग कर दिया गया है।

इस कदम को पार्टी के भीतर श्री निंबालकर की स्थिति को मजबूत करने और जिले में संगठन को नये सिरे से खड़ा करने में उन्हें बड़ी भूमिका देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। अब पार्टी की इकाइयों में नये सिरे से फेरबदल की उम्मीद है, जिसमें नेतृत्व के नये ढांचे के तहत नयी समितियां बनायी जा सकती हैं।

निंबालकर यूबीटी गुट के उन छह सांसदों में शामिल हैं, जो मुंबई के कार्यक्रम के दौरान श्री शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए हैं। अन्य नेताओं में संजय देशमुख, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, भाऊसाहेब वाकचौरे और नागेश आष्टीकर शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित