मीरपुर , मार्च 11 -- नाहिद राणा (पांच विकेट), मेहदी हसन मिराज (तीन विकेट) के बाद तंजिद हसन (नाबाद 67) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बंगलादेश ने बुधवार को पहले एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान को 209 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से करारी मात दी। इस जीत के साथ ही बंगलादेश ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश को तीसरे ही ओवर में सैफ हसन (चार) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये नजमुल शान्तो ने तंजिद हसन के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट लिये 82 रन जोड़कर बंगलादेश की जीत पक्की कर दी। बंगलादेश का दूसरा विकेट 14वें ओवर में नजमुल शान्तो (27) के रूप में गिरा। बंगलादेश ने 15.1 ओवर में दो विकेट पर 115 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। तंजिद हसन ने 42 गेंदों में सात चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 67 रनों की मैच विजयी पारी खेली। लिटन कुमार दास तीन रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद वसीम ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित