जयपुर , मई 08 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान में टाइगर सफारी की बाघिन भक्ति के दो नवजात बाघ शावक स्वस्थ हैं।

वन विभाग के अनुसार बाघिन भक्ति ने गत 18 अप्रैल को इन इन दोनों बाघ शावकों को जन्म दिया और उन्हें विशेष निगरानी मे रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि बाघिन भक्ति को वर्ष 2024 में वन्यजीव एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत पुणे जू से लाया गया था और 2024 में नागपुर चिड़ियाघर से बाघ लाकर एक जोड़ा बनाया गया था। बाघिन भक्ति के असामान्य व्यवहार, शावकों को दूध नहीं पिलाने तथा शावकों की नाजुक स्थिति के मद्देनजर पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिक पांच बत्ती द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा पर दोनों शावकों को नियोनेटल केयर यूनिट, वन्यजीव चिकित्सालय में गहन चिकित्सा निगरानी एवं हैंड रियरिंग के लिए शिफ्ट किया गया जहां उनकी मॉनिटरिंग एवं विशेष देखभाल की जा रही है।

वर्तमान में दोनों शावकों ने आंखें खोल ली हैं। उनका व्यवहार एवं गतिविधियां सामान्य पाई गई हैं। शावकों के विभिन्न चिकित्सा परीक्षण भी कराए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आयी है। नियोनेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किए जाने के बाद दोनों शावकों के वजन में निरंतर वृद्धि हो रही है तथा उनकी डाइट भी धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है। प्रतिदिन शावकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित