जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में स्थित नाहरगढ़ अभयारण्य की चौकी काला महादेव के वनपाल श्याम सिंह को 20 हजार रुपए तथा वनरक्षक शिव किशोर 30 हजार रुपए कुल 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी स्पेशल यूनिट-द्वितीय जयपुर को परिवादी ने शिकायत की कि मावठा आमेर में उसके द्वारा की गई शूटिंग कार्य से संबंधित सिक्योरिटी राशि वापस दिलवाने की एवज में श्याम सिंह एवं शिवकिशोर द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही है। श्याम सिंह द्वारा पूर्व में 15 हजार रुपए की रिश्वत प्राप्त किए जाने के बाद 20 हजार रुपये तथा शिव किशोर द्वारा 30 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
श्री गुप्ता ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद आज ट्रेप कार्यवाही के दौरान आरोपी श्याम सिंह को 20 हजार रुपए तथा आरोपी शिव किशोर को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित