बैतूल , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की पुलिस ने करीब 20 दिन पहले लापता हुए पांच वर्षीय बालक को महाराष्ट्र के नासिक से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने शुक्रवार को बताया कि बच्चे की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों और अंतरराज्यीय समन्वय की मदद ली गई।

पुलिस के अनुसार, सोनाघाटी निवासी एक व्यक्ति ने 28 सितंबर 2026 को अपने पांच वर्षीय छोटे भाई के लापता होने की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। इस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की गई।

कोतवाली थाना और सोनाघाटी चौकी की संयुक्त टीम ने साइबर सेल की मदद ली तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। स्थानीय स्तर पर सुराग नहीं मिलने पर रेलवे पुलिस, सामाजिक संस्थाओं और महाराष्ट्र पुलिस से समन्वय किया गया। प्रयासों के दौरान पता चला कि बालक नासिक में है और वहां बाल कल्याण समिति के संरक्षण में सुरक्षित है।

इसके बाद बैतूल पुलिस की टीम नासिक पहुंची और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बालक को सकुशल बैतूल लाया गया। नासिक के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने भी पुलिस टीम से मुलाकात कर उसके प्रयासों की सराहना की।

कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, सोनाघाटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चित्रा कुमरे, प्रधान आरक्षक अभिजीत खलतकर और आरक्षक महेश नगदे शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी बच्चे के लापता होने या लावारिस बच्चा मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित