नांदगांव , सितंबर 19 -- महाराष्ट्र में नासिक जिले के नांदगांव तालुका अंतर्गत मन्याड़ चौकी क्षेत्र के बाभुलवाड़ी से आठ महीने की एक बालिका के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, तनु मच्छिंद्र मोरे नामक यह मासूम बालिका 17 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे से आधी रात के बीच अपने घर में परिजनों के पास सोते समय अचानक गायब हो गयी। परिजनों ने अंदेशा जताया है कि कोई अज्ञात व्यक्ति को जबरन उठाकर ले गया है।
शिकायत के आधार पर नांदगांव पुलिस ने गुमशुदगी और संभावित अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं और सुराग जुटाने में जुटी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित