नासिक , नवंबर 10 -- महाराष्ट्र में नासिक के जात्रा होटल इलाके में स्थित 'आर्या ज्वेलर्स' नाम की एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां दो अज्ञात लोग सोना खरीदने के बहाने दुकान के अंदर घुसे और सोने की अंगूठियों से भरी एक ट्रे लेकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार ये दोनों लोग ग्राहक बनकर आर्या ज्वेलर्स में आए और दुकानदार से सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा। जब दुकानदार उन्हें गहने दिखा रहा था तो उनके पीछे खड़े एक व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाया, चुपके से सोने की अंगूठियों वाली ट्रे उठाई और दुकान से भाग निकला।
चोरी का पता चलते ही दुकानदार और वहां मौजूद कर्मचारियों ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि आरोपी दुकान के बाहर पहले से ही एक चार-पहिया वाहन (कार) खड़ी करके आए थे, जिसमें बैठकर वे फरार हो गए।
यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अडगांव पुलिस स्टेशन की अपराध अन्वेषण टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है।
चोरी हुई सोने की अंगूठियों की सटीक संख्या अभी पता नहीं चल पाई है। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोरी हुए गहनों का वजन लगभग 2.5 तोला बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित