नासिक , अक्टूबर 02 -- महाराष्ट्र के नासिक जिला प्रशासन ने वर्ष 2026-27 सीजन के लिए नेफेड और एनसीसीएफ की प्याज खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, कुप्रबंधन या अन्य समस्याओं को लेकर किसानों, प्याज उत्पादकों, व्यापारियों, जन प्रतिनिधियों और नागरिकों से शिकायतें दर्ज कराने का आह्वान किया है।

नासिक के जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने शुक्रवार को इस संबंध में सार्वजनिक अपील जारी की।

महाराष्ट्र सरकार के विपणन विभाग द्वारा जारी प्रस्ताव के अनुसार, यह प्याज खरीद केंद्र सरकार की 'मूल्य स्थिरीकरण योजना' के तहत दोनों केंद्रीय नोडल एजेंसियों से की जा रही है। खरीद प्रक्रिया से असंतुष्ट या शिकायत रखने वाले व्यक्ति अपनी शिकायतों को संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ आठ अक्टूबर को कार्यालय समय के भीतर जमा करा सकते हैं।

शिकायतकर्ताओं को अपनी आपत्तियां 'जिला उप-निबंधक, सहकारी समितियां, नासिक' के कार्यालय सहकार संकुल, मौलाना आजाद चौक, शारदा सर्कल, नेशनल उर्दू हाई स्कूल के पास, नासिकमें जमा करानी होंगी। प्राप्त शिकायतों के निस्तारण और सुनवाई के लिए नौ अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे नासिक कलेक्ट्रेट में एक खुली जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने सभी प्रभावित किसानों, प्याज उत्पादकों, जन प्रतिनिधियों और संबंधित नागरिकों से अपील की है कि वे नौ अक्टूबर को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में अपनी शिकायतों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ उपस्थित रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित