वाशिंगटन , अप्रैल 02 -- अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अपना मानवयुक्त चंद्र मिशन आर्टेमिस ।। को सफलतापूर्वक केप कैनावेरल से प्रक्षेपित कर दिया है।
चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ओरियन अंतरिक्ष यान अपने लक्ष्य की ओर रवाना हो गया है। प्रक्षेपण के बाद रॉकेट का पहला चरण ओरियन से सफलतापूर्वक अलग हो गया है तथा ओरियन पृथ्वी की कक्षा में भी स्थापित हो गया है। वह पृथ्वी की कक्षा में 24 घंटे तक चक्कर लगाने के बाद आगे की यात्रा के लिए निकलेगा।
यह आर्टेमिस कार्यक्रम के तहत नासा का पहला मानवयुक्त मिशन है। चार सदस्यीय दल में नासा के अंतरिक्ष यात्री रीड वाइसमैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच शामिल हैं। साथ ही कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी के अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन भी दल का हिस्सा हैं।
आर्टेमिस मिशन की योजना तीन चरणों में बनाई गई है। बिना चालक दल वाली पहली उड़ान 2022 के अंत में हुई थी। दूसरे चरण में चालक दल के साथ चंद्रमा के चारों ओर उड़ान भरी जाएगी, जिसके बाद तीसरे चरण में अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर उतारा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित