मुरादाबाद , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घरेलू रसोई गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए एक अनोखा और व्यंग्यात्मक प्रदर्शन किया। पूर्व गौ सेवा आयोग सदस्य और सपा नेता ठाकुर राहुल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे नाले से निकलने वाली गैस से चाय बनाने की कोशिश की और इस तरह प्रधानमंत्री के पुराने बयान पर तंज कसा।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने चाय का बर्तन, कुल्हड़ और चूल्हा लेकर नाले के पास इकट्ठा होकर "नाले की गैस से चाय" बनाने का प्रयास किया, लेकिन यह प्रयोग सफल नहीं हो सका। ठाकुर राहुल सिंह ने तंज कसते हुए कहा, "प्रधानमंत्री की कथित वैज्ञानिक तकनीक भी यहां काम नहीं कर रही। जब प्रधानमंत्री खुद नाले की गैस से चाय बनते देखने की बात करते हैं, तो क्या आम आदमी को भी यही रास्ता अपनाना पड़ेगा। सरकार की नीतियों से गैस की कमी हो रही है, भंडारण बहुत कम है, फिर भी देश को विश्वगुरु बनाने के सपने दिखाए जा रहे हैं।"उन्होंने कहा कि देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा बाहर से मंगाई जाने वाली रसोई गैस पर निर्भर है और भंडारण की क्षमता भी बहुत सीमित है। संकट की स्थिति में यह बड़ी समस्या बन सकती है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर यही स्थिति रही तो नालों की गैस से ही काम चलाने का समय आ जाएगा।

सपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के वर्ष 2018 में जैव ईंधन दिवस के अवसर पर दिए गए उस बयान का हवाला देते हुए नारेबाजी की, जिसमें नाले के पास चाय बनाने वाले व्यक्ति का उल्लेख किया गया था। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और गैस सिलेंडरों की कमी से जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही। इस दौरान देवराज सिंह चौहान, विशाल सिंह, वंश सिंह, मोहम्मद नाजिम, मोहम्मद अकरम और विनय शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित