श्रीगंगानगर , मई 19 -- राजस्थान में पंजाबी महासभा की श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिला इकाइयों के अध्यक्ष वीरेंद्र राजपाल ने गौशाला रोड से पदमपुर मार्ग की ओर जाने वाले राधेश्याम कोठी मार्ग पर नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य पर गंभीर आपत्ति जताई है।

श्री राजपाल ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि बिना लोगों की व्यावहारिक समस्याओं को समझे और उनका समाधान किए सीधे दो-दो मीटर पीछे नाली बनाने का यूआईटी ने टेंडर जारी कर दिया। इससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

श्री राजपाल ने विस्तार से समस्याएं गिनाते हुए कहा कि यह शहर के ब्लॉक क्षेत्र का मुख्य मार्ग है, जो रात-दिन अत्यधिक व्यस्त रहता है। इस सड़क पर बिजली और टेलीफोन के खंभे, भूमिगत पानी के पाइपलाइन, सीवरेज लाइन, मोबाइल कंपनियों के तार और सीसी रोड पहले से मौजूद हैं। इसके अलावा पुलिस कमान केंद्र के सीसीटीवी के लिए भूमिगत तार डालने का काम भी बाकी है। यहां सेम की समस्या इतनी गंभीर है कि मात्र चार पांच फुट खुदाई पर पानी निकल आता है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान पंजाबी महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिला कलेक्टर से मिलकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देगा। प्रेस वार्ता में अरोडवंश सनातन धर्म मंदिर (ट्रस्ट) के मुख्य संरक्षक ज्ञान नागपाल, राधेश्याम कोठी मार्ग निवासी दीपक भाटिया,ज्योति लाकडी आदि स्थानीय दुकानदार और रहवासी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित