ग्रेटर नोएडा , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर रोड तिलपता में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क एवं नाला निर्माण कार्य के दौरान एक निर्माणाधीन दुकान अचानक भरभराकर गिर गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

गुरुवार को पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई तथा संबंधित विभागों को भी अवगत कराया। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है कि दुकान गिरने के पीछे तकनीकी कारण क्या रहे और निर्माण कार्य के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे या नहीं।

घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। मामले में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा क्षति का आकलन करने के साथ-साथ निर्माण कार्य की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

निर्माणाधीन दुकान साकीपुर रोड़ तिलपता निवासी ओमवीर पुत्र रमेश की है। क्षेत्र में इन दिनों सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में नाला निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से दुकान के सामने की मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान दुकान की नींव के नीचे की मिट्टी हट जाने से उसकी नींव कमजोर हो गयी और देखते ही देखते पूरी निर्माणाधीन दुकान भरभराकर जमीन पर गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान गिरने के दौरान तेज आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के अंदर कोई मजदूर या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि उस समय निर्माण कार्य चल रहा होता या दुकान में लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दुकान की नींव नाले के ऊपर बनाई गई थी। जैसे ही नाला निर्माण के लिए जेसीबी से सामने की मिट्टी हटाई गई, नींव को मिलने वाला सहारा खत्म हो गया और पूरी दुकान अचानक ढह गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित