नयी दिल्ली , मई 26 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बिहार के नालंदा जिले के 60 विद्यार्थियों के एक स्कूल में मध्याह्न भोजन लेने के बाद बीमार पड़ने के मामले पर स्वत: संज्ञान लिया और जिलाधिकारी से दो सप्ताह के अंदर रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने मीडिया की एक रिपोर्ट के आधार पर यह नोटिस जारी किया है। रिपोर्ट में कहा गया था कि जिले के एक सरकारी स्कूल में 60 विद्यार्थी 21 मई को मध्याह्न-भोजन कार्यक्रम का भोजन लेने के बाद पेट में दर्द, उबकाई और दस्त की शिकायत करने लगे थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रिर्पार्ट में कहा गया था कि बच्चों को भोजन परोसने से पहले शिक्षकों ने उसे चखा नहीं था , जब कि नियमत: यह जरूरी था।
आयोग ने कहा है कि रिपोर्ट में कही गयी बातें सही हैं तो यह विद्यार्थियों के मानवाधिकार का उल्लंघन है। आयोग ने नालंदा के जिलाधिकारी सेदो सप्ताह के अंदर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित