पटना , मई 06 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को नालंदा जिले में नगरनौसा बाल विकास परियोजना कार्यालय की महिला पर्यवेक्षिका सुषमा कुमारी 3200 रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी श्रीमती बेबी कुमारी ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि नगरनौसा बाल विकास परियोजना कार्यालय की महिला पर्यवेक्षिका सुषमा कुमारी के द्वारा अप्रैल माह का सरकार द्वारा प्राप्त पोषाहार की राशि से संबंधित पोषाहार पंजी पर हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत की माँग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता शशि शेखर चौधरी के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त श्रीमती सुषमा कुमारी को 3,200 रूपये रूपये रिश्वत लेते नगरनौसा प्रखंड परिसर स्थित उसके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित