राजगीर, जून 15 -- बिहार में नालंदा जिले के राजगीर स्थित झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में चोरी करने के आरोप में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के दो युवक मंदिर की पिछली दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। मंदिर में मौजूद साधु-संतों की नजर पड़ने पर दोनों भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उनलोगों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले दोनों युवकों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी पिंटू कुमार (22)और श्रवण कुमार (22)के रूप में हुई है।

राजगीर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीत कुमार गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और युवकों को इतनी गंभीर चोटें कैसे लगीं। घटना की जांच के लिये विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित