सागर , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नारी शक्ति केवल एक शब्द नहीं, बल्कि समाज की आधारशिला है। जब महिला सशक्त होती है तो परिवार, समाज और राष्ट्र सभी प्रगति की ओर बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण में शिक्षा की अहम भूमिका है और सांदीपनि विद्यालय प्रदेश में शिक्षा के आदर्श केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।
मुख्यमंत्री सागर जिले के नरयावली में सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय का लोकार्पण करते हुए लगभग 63.41 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया तथा बोर्ड परीक्षा 2026 की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि भगवान कृष्ण और सुदामा की मित्रता की परंपरा का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य शिक्षा को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाना है ताकि आमजन को महंगे निजी विद्यालयों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने दावा किया कि इस बार सरकारी विद्यालयों ने परीक्षा परिणामों में बेहतर प्रदर्शन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है और उन्हें अधिकार, अवसर व समानता प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 17 महिलाएं कलेक्टर के रूप में कार्यरत हैं और स्थानीय स्तर पर भी महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।
किसानों के संदर्भ में उन्होंने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष बताते हुए कहा कि सरकार उनकी आय बढ़ाने और हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को मात्र पांच रुपये में बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है और सरकार 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदी का लक्ष्य रख रही है। साथ ही किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड क्षेत्र में जल संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन 240 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। सांसद लता वानखेड़े ने प्रदेश के विकास की सराहना की, जबकि नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने क्षेत्रीय विकास में मुख्यमंत्री के सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कड़ान परियोजना पूर्ण होने पर लगभग 30 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित