जौनपुर , अप्रैल 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने गुरुवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। पार्टी की ओर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा कार्यालय पर विधानसभा स्तरीय नारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मातृत्व वंदना योजना जैसी पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध हुई हैं तथा उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विशेष सत्र बुलाया गया है, जो महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को विधायिका में उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित