चंडीगढ़ , अप्रैल 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम नये भारत की तस्वीर है, जो बेटियों के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि यह कानून संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें नीति निर्माण में भागीदारी और नेतृत्व प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने यह बात राज्य स्तरीय बैसाखी महोत्सव के दौरान नरेंद्र मोदी के संबोधन को ऑनलाइन सुनने के बाद कही। उन्होंने बताया कि 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं और हरियाणा का लिंगानुपात 871 से बढ़कर 923 हो गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सुकन्या समृद्धि योजना, मातृ वंदना योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित