जयपुर , अप्रैल 12 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लागू होने पर नीति निर्माण में महिला नेतृत्व की हिस्सेदारी बढ़ेगी, जिससे विकसित भारत 2047 की यात्रा में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित होगी।
श्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे लोकसभा एवं विधानसभा दोनों सदनों में एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अनेकों जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश एवं प्रदेश की मातृशक्ति को लाभान्वित किया है।
उन्होंने अधिनियम को लेकर मातृशक्ति से समाज में जनजागृति फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण को केन्द्र में रखकर महत्वपूर्ण अभियान एवं कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। इस कड़ी में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लखपति दीदी, उज्ज्वला गैस योजना, जन-धन योजना, बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन जैसी विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार महिलाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि महिलाएं खेल, रक्षा, उद्यम, कला, विज्ञान, शिक्षा सहित अनेकों क्षेत्रों में देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बालिकाओं को लाडो प्रोत्साहन योजना का लाभ दे रही है। मा वाउचर योजना से गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा मिल रही है। वहीं, 16 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का गठन कर प्रभावी संचालन किया जा रहा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना से महिला उद्यमियों को बढ़ावा दिया जा रहा है वहीं दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत पांच रुपये प्रति लीटर अनुदान से महिलाएं सशक्त बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी प्रदेश के विकास को गति प्रदान करेगी। वहीं, जयपुर मेट्रो द्वितीय चरण के पूरा होने पर महिला वर्ग को सुलभ परिवहन की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में महिलाओं को केन्द्र एवं राज्य सरकार की ओर से महिला सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्यमंत्री कार्यालय, फिक्की, सीआईआई, उद्योग, शिक्षा, मीडिया, पुलिस, मेडिकल, सामाजिक कार्यकर्ता, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सहित विभिन्न सेक्टर्स से जुड़ी महिलाएं मौजूद थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित