चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महामंत्री डॉ.अर्चना गुप्ता ने कहा हैकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने अपने एक लेख में कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशामें नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा है। इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है, जिसमें अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की महिलाओं को भी शामिल किया गया है। यह व्यवस्था जनगणना और परिसीमन के बाद लागू होगी।

डॉ गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लंबे समय से लंबित इस मांग को पूरा किया है। उन्होंने इसे समानता, समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक कदम करार दिया।

लेख में कहा गया कि इस कानून से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नीति निर्माण में उनका दृष्टिकोण भी शामिल होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे सामाजिक मुद्दों पर बेहतर निर्णय लिये जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ इस कानून को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में यह अधिनियम देश के लोकतंत्र को और अधिक मजबूत और समावेशी बनाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित