महासमुंद , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से सांसद रुपकुमारी चौधरी ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
सांसद रविवार को यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बोल रही थी। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा महिलाओं को लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय बताया।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित की जाएंगी, जिससे उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह कदम महिलाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करेगा और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करेगा।
सुश्री चौधरी ने कहा कि केन्द्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा यह अधिनियम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित