कानपुर , अप्रैल 18 -- भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुये कहा कि इस विधेयक का विरोध विपक्ष के महिला विरोधी चरित्र का प्रमाण है और मातृ शक्ति इसका हिसाब मांगेगी।
प्रकाश पाल ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि विपक्षी दलों ने इस ऐतिहासिक विधेयक के खिलाफ मतदान कर न केवल संसदीय मर्यादाओं को ठेस पहुंचाई है, बल्कि देश की आधी आबादी का भी अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण में बाधा डालने का काम किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन विपक्ष ने एकजुट होकर इस विधेयक को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने दावा किया कि देश की महिलाएं इस अपमान को नहीं भूलेंगी और विरोध करने वाले दलों व नेताओं से जवाब मांगेंगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने भी विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि संसद में इस विधेयक के खिलाफ मतदान ने विपक्ष के दोहरे चरित्र को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में इसको लेकर निराशा और आक्रोश है, जो अब सड़कों पर दिखाई दे रहा है।
इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार देर रात कानपुर के परेड चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने "मातृ शक्ति के सम्मान में, भाजपा मैदान में" के नारों के साथ विपक्ष का पुतला बनाकर जुलूस निकाला और उसका दहन किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित