भोपाल , अप्रैल 13 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को संसद में प्रस्तुत किया जाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है और यह सप्ताह इस दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में बताया कि 16 अप्रैल से प्रारंभ हो रहे संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र में इस अधिनियम को स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में 10 से 25 अप्रैल तक नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सम्मेलन और पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को 'समृद्ध किसान-समृद्ध मध्यप्रदेश' की थीम के साथ कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 अप्रैल को जबलपुर में आयोजित कृषि मंथन कार्यशाला में देश-विदेश के कृषि वैज्ञानिकों, उत्पादकों और किसान उत्पादक संगठनों ने भाग लिया। कार्यशाला में कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने, कम पानी में अधिक उत्पादन, खेत से बाजार तक पहुंच और कृषि में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विचार-विमर्श हुआ, जिससे किसानों को उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय चुनौतियों और कीमतों के उतार-चढ़ाव के बावजूद केंद्र सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अन्नदाताओं को खाद पर सब्सिडी उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन 2026 के लिए फास्फेट और पोटाश उर्वरकों पर पोषण आधारित सब्सिडी के लिए 41 हजार 833 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे किसानों को रियायती दरों पर उर्वरक उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायसेन में आयोजित उन्नत कृषि महोत्सव में उन्नत बीज, सिंचाई तकनीक, कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती और अन्य आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इस महोत्सव में बड़ी संख्या में किसान और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सल गतिविधियों के उन्मूलन के बाद अब बालाघाट जिले में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। आगामी समय में वहां जनजातीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित