नारायणपुर , मई 14 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में "माड़ मैत्री चौपाल" कार्यक्रम आयोजित कर आमजन के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें ग्रामीणों को कानून, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से संबंधित जानकारी दी गई।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार थाना एडका अंतर्गत ग्राम तेरदुल, थाना भरंडा के ग्राम बिंजली, थाना सोनपुर के ग्राम सोनपुर तथा थाना ओरछा के ग्राम कुड़मेल में "माड़ मैत्री चौपाल" कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में सरपंच, पंच-जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए।

इस दौरान ग्रामीणों को नवीन कानूनों, नागरिक अधिकारों एवं कानूनी जागरूकता की जानकारी दी गई। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित "माड़ मैत्री कार्यक्रम" और उसके थीम वाक्य "विग्रह से विश्वास" के बारे में विस्तार से बताया गया।

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार गतिविधियों से जुड़ने, नशे से दूर रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कुछ युवाओं को "माड़ मित्र" के रूप में नामित किया गया। उन्हें गांव की समस्याओं और असामाजिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित