नारायणपुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा और कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशन में संचालित सेवा सेतु केंद्र जिले में आम नागरिकों को घर के निकट डिजिटल एवं समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शासकीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
जिले के ग्राम साकड़ीबेड़ा निवासी तेजराम भोयर ने अपने पुत्र मनोज भोयर की पढ़ाई के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने हेतु सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। आवेदन के एक दिन के भीतर ही मनोज भोयर को आय प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया, जिससे उनकी आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकी।
श्री भोयर ने बताया कि पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार कार्यालय जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। सेवा सेतु केंद्र में आवेदन के बाद उनका कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा हो गया। उन्होंने त्वरित एवं पारदर्शी व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री साय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को घर के निकट ही डिजिटल और समयबद्ध शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उनके अनुसार यह व्यवस्था सुशासन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित