नारायणपुर , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मंगलवार से साक्षरता पखवाड़े की शुरुआत हुई। यह पखवाड़ा 15 सितंबर तक चलेगा, जिसमें साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण की अध्यक्ष नम्रता जैन ने जिला स्तरीय समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को उल्लास नवभारत साक्षरता की शपथ दिलाकर पखवाड़े का शुभारंभ किया। उन्होंने अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए।

पखवाड़े के दौरान स्कूलों और महाविद्यालयों में उल्लास शपथ, नारा लेखन, घर-घर सर्वे के माध्यम से शिक्षार्थियों का पंजीयन, स्वयंसेवी शिक्षकों का सम्मान, मशाल एवं उल्लास रैली, वाद-विवाद, गीत, नृत्य, चित्रकला, मेहंदी, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा कहानी वाचन, भाषण, संगोष्ठी और शिक्षण सामग्री के प्रदर्शन के माध्यम से साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित