नारायणपुर , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ में नारायणपुर जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा निर्मित एक लकड़ी के स्मारक को ध्वस्त कर दिया है।
पुलिस के अनुसार यह स्मारक नक्सली संगठन ने अपने प्रभाव और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बनाया था।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि 28 जुलाई को ग्राम तोयापारा में छत्तीसगढ़ पुलिस और आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने सघन सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नक्सलियों द्वारा बनाया गया लकड़ी का स्मारक ध्वस्त किया गया।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बल नक्सली संगठन के प्रभाव और उसके प्रतीकों को समाप्त कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से नक्सल गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा सुरक्षा बलों को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित