नारायणपुर , जून 16 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार संचालित 'खेत बचाओ अभियान' के तहत मंगलवार को कृषि विज्ञान केन्द्र और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप थे। कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम तथा जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास, मत्स्य, रेशम विभाग तथा कृषि महाविद्यालय नारायणपुर द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि नवाचार और आजीविका संवर्धन से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने अवलोकन किया।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रक्षेत्र में परीक्षण कार्यक्रम के तहत किसानों को हल्दी की उन्नत किस्म के प्रकंद, रागी बीज तथा प्राकृतिक खेती से संबंधित आदान सामग्री वितरित की गई। साथ ही 'मिलियनेयर कृषक अवार्ड' से सम्मानित प्रगतिशील कृषक चैतूराम यादव और नीलकंठ नाग, 'बेस्ट फार्मर इन इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम अवार्ड' प्राप्त सुरेन्द्र नाग तथा राज्यपाल सम्मान प्राप्त गीता नाग को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में केदार कश्यप ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और कृषि लागत में कमी लाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक कीट प्रबंधन और स्थानीय संसाधनों पर आधारित कृषि पद्धतियों के महत्व पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम को दिनेश कश्यप, रूपसाय सलाम और नारायण मरकाम ने भी संबोधित किया।

कलेक्टर नम्रता जैन ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के माध्यम से टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित