नारायणपुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कोटमहर गार्डन में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने सहभागिता करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला और नागरिकों से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कश्यप ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की भारतीय परंपरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक जन आंदोलन का रूप ले चुका है और दुनिया के अनेक देशों में लोग इसे अपने दैनिक जीवन में अपना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि योग तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है तथा इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है। भारत ने योग के माध्यम से विश्व स्तर पर नई पहचान बनाई है और यह देश की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों ने योग के लाभों और उसके वैज्ञानिक महत्व की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारिता लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतापसिंह मंडावी, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एम.जी., अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

योग दिवस के आयोजन में शामिल लोगों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और जनकल्याण की कामना के साथ किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित