नारायणपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत चलाए जा रहे ''मोबाइल वापसी'' अभियान के अंतर्गत साइबर पुलिस टीम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 21 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाया है। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 15 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले में मोबाइल गुम होने और साइबर फ्रॉड से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय साबद्रा, श्री अजय कुमार, श्री सुशील कुमार नायक एवं श्री ऐश्वर्य चन्द्राकर के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक अजय सिंह (नोडल अधिकारी, साइबर सेल) के पर्यवेक्षण में साइबर टीम ने विभिन्न स्थानों से मोबाइलों की खोजबीन कर उन्हें बरामद किया।
बरामद किए गए मोबाइल फोन 28 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत सुपुर्दनामे के आधार पर संबंधित स्वामियों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों में खुशी का माहौल देखा गया और उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित